गभाना (टमकौली): थाना गभाना क्षेत्र के गांव टमकौली में चल रही संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के सातवें दिन भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा पंडाल उस समय जयकारों से गूंज उठा जब व्यास पीठ से कथावाचक महाराज हरिश्याम गौतम जी ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम और लीलाधर श्री कृष्ण के अवतार और जन्म का मार्मिक व आनंदमयी प्रसंग सुनाया।
नंद घर आनंद भयो' के जयकारों से गूंजा पंडाल
कथावाचक महाराज हरिश्याम गौतम जी ने जैसे ही 'भए प्रगट कृपाला दीन दयाला' और 'नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की' का मधुर गान किया, पूरा पंडाल भक्ति में लीन होकर झूमने लगा। राम और कृष्ण जन्म के पावन अवसर पर महिलाओं ने सोहर और मंगल गीत गाए। इस दौरान भगवान के बाल स्वरूप की मनमोहक झांकियां भी सजाई गईं, जिन्होंने वहां मौजूद सभी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भगवान के जन्म की खुशी में श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को बधाइयां दीं और जमकर नृत्य किया।
प्रसाद वितरण व आयोजकों का रहा विशेष सहयोग
कथा के विश्राम पर भगवान की भव्य आरती उतारी गई। जन्म उत्सव के उपलक्ष्य में सभी श्रद्धालुओं को पंचामृत, माखन-मिश्री व पंजीरी का विशेष प्रसाद वितरित किया गया। गांव और आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण कर पुण्य लाभ कमाने पहुंचे। इस भव्य और सफल आयोजन में आयोजक समिति के सदस्य गजराज सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, प्रमोद माहेश्वरी, पवन सिंह, राहुल सिंह, संजेश शर्मा के साथ-साथ समस्त ग्राम वासियों का विशेष सहयोग रहा।

