अलीगढ़। आगामी भव्य राम बारात महोत्सव के शांतिपूर्ण, सुरक्षित व सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) आदित्य बंसल ने भारी पुलिस बल के साथ राम बारात के निर्धारित मार्ग पर पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
एसपी सिटी आदित्य बंसल ने पुलिस अधीक्षक यातायात, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय तथा अन्य पुलिस बल के साथ सेन्टर प्वाइंट से रामघाट रोड, मीनाक्षी पुल होते हुए अचलताल तक पैदल मार्च निकाला।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी आदित्य बंसल और पुलिस टीम ने रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों व सदस्यों से विस्तार से वार्ता की। इस दौरान बारात के समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, यातायात डायवर्जन और भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट) को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने रामलीला कमेटी से कार्यक्रम की रूपरेखा और संभावित भीड़ का ब्योरा लेकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी सिटी आदित्य बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राम बारात के दौरान श्रद्धालुओं व आम जनता की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए। यातायात व्यवस्था इस प्रकार बनाई जाए जिससे शहरवासियों को आवागमन में कोई असुविधा न हो और सुरक्षा के हर पहलू पर पैनी नजर रखी जाए।

